भिलाई। आज दिनांक 22 फरवरी 2026 को बीएसपी अनाधिशासी कर्मचारी संघ (BAKS) के पदाधिकारियों ने छत्तीसगढ़ शासन के माननीय वाणिज्य, उद्योग, आबकारी एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन से सौजन्य भेंट कर अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस (01 मई) को राज्य में सवैतनिक अवकाश (Paid Holiday) घोषित किए जाने की औपचारिक मांग प्रस्तुत की।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को बताया कि अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस श्रमिक वर्ग के सम्मान, उनके योगदान और अधिकारों के प्रतीक के रूप में विश्वभर में मनाया जाता है।
छत्तीसगढ़ जैसे श्रमप्रधान राज्य में संगठित और असंगठित क्षेत्र के लाखों श्रमिक औद्योगिक, वाणिज्यिक एवं आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में 01 मई को सवैतनिक अवकाश घोषित करना श्रमिकों के सम्मान और मनोबल वृद्धि की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।मंत्री श्री देवांगन ने मांग को गंभीरतापूर्वक संज्ञान में लेते हुए इस पर सकारात्मक विचार कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।इस अवसर पर संघ के महासचिव श्री किशोर कुमार साव, कोषाध्यक्ष श्री नवीन मिश्रा तथा कार्यकारिणी सदस्य श्री सुनील शर्मा उपस्थित रहे।
संस्था के महासचिव किशोर कुमार साव ने मंत्री से हुई भेंट को सकारात्मक एवं सार्थक बताया। उन्होंने कहा कि बीएसपी अनाधिशासी कर्मचारी संघ सदैव कर्मचारी हितों की रक्षा और उन्नयन के लिए प्रतिबद्ध रहा है तथा विभिन्न मंचों पर श्रमिकों की समस्याओं और मांगों को प्रभावी एवं तथ्यात्मक आधार के साथ उठाता रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि 01 मई को सवैतनिक अवकाश घोषित किया जाता है, तो राज्य के संगठित एवं असंगठित क्षेत्र के लाखों श्रमिक सीधे लाभान्वित होंगे।
इससे श्रमिक वर्ग अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस को हर्ष और गौरव के साथ मना सकेगा तथा उनके सम्मान और मनोबल में वृद्धि होगी।
