होली से पहले 25 लाख किसानों को 10,324 करोड़ की सौगात
रायपुर/ होली से पहले किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज प्रदेश के लाखों अन्नदाताओं को बड़ी आर्थिक सौगात देने जा रहे हैं।राज्य सरकार की कृषक उन्नति योजना के तहत प्रदेश के 25.28 लाख किसानों के खातों में एकमुश्त 10,324 करोड़ रुपये की सहायता राशि अंतरित की जाएगी।
होली से पहले मिल रही इस बड़ी राहत से किसानों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आ रही है।इस ऐतिहासिक अवसर पर बिल्हा में राज्य स्तरीय वृहद किसान सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया है। दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री के हाथों राशि वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। प्रदेशभर से किसान इस कार्यक्रम से जुड़ेंगे।राज्य सरकार द्वारा धान का 3100 रुपये प्रति क्विंटल मूल्य दिए जाने के निर्णय के बाद छत्तीसगढ़ देश के अग्रणी धान उत्पादक राज्यों में अपनी अलग पहचान बना चुका है। अब कृषक उन्नति योजना के तहत जारी हो रही यह सहायता राशि किसानों की आर्थिक मजबूती को और सशक्त करेगी।
होली के पर्व से पहले मिली इस बड़ी सौगात ने किसानों के उत्साह को दोगुना कर दिया है। प्रदेश में इसे सरकार की किसान हितैषी नीति का मजबूत उदाहरण माना जा रहा है।
