प्रधानमंत्री आवास निर्माण के नाम पर बैगा आदिवासियों से 3.60 लाख रुपये की ठगी, आरोपी फरार; थाने में शिकायत दर्ज
कबीरधाम (छत्तीसगढ़):जिले के कूकदूर थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहाँ प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण कार्य के नाम पर गरीब बैगा जनजाति के परिवारों से धोखाधड़ी कर लाखों रुपये हड़पने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित आदिवासियों ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और अपनी राशि वापस दिलाने की गुहार लगाई है।
क्या है पूरा मामला?ग्राम बाहपानी (बांसाटोला) ग्राम पंचायत कांदावानी, थाना व तहसील कूकदूर के रहने वाले बैगा जनजाति के ग्रामीण- फुलबाई बैगा, अक्कल सिंह बैगा, रायसिंह बैगा, अमरलाल बैगा, भगतराम बैगा, बिंधीरा बाई बैगा और रामकली बैगा ने थाना प्रभारी को दिए गए आवेदन में बताया कि उनके नाम पर प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुआ था।आवास निर्माण का कार्य पूरा कराने और मिस्त्री की मजदूरी देने के लिए उन्होंने सहसपुर लोहारा निवासी महराणा प्रसाद निषाद (पिता- महेश निषाद) को किश्तवार भुगतान किया था।
इस संबंध में 10 रुपये के नोटरीकृत इकरारनामे का निष्पादन भी किया गया था।आरोप और फरार होना:पीड़ितों का आरोप है कि उन्होंने अपने-अपने खातों से निकालकर कुल 3,60,000 रुपये (तीन लाख साठ हजार रुपये) अग्रिम नकद राशि आरोपी महराणा प्रसाद निषाद को दिए थे। राशि लेने के बाद आरोपी आवास निर्माण कार्य को अधूरा छोड़कर फरार हो गया।

जब पीड़ितों ने उसके मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, तो फोन रिसीव नहीं हुआ और न ही उसने पैसे वापस किए।पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग:पीड़ित बैगा आदिवासियों ने थाना प्रभारी कूकदूर से मांग की है कि आरोपी महराणा प्रसाद निषाद के खिलाफ धोखाधड़ी और सरकारी योजना का दुरुपयोग करने का मामला दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, साथ ही उनकी हड़पी गई राशि वापस दिलाई जाए।

