भोपाल में छिपा बैठा था तीन तलाक का आरोपी, पद्मनाभपुर पुलिस ने दबोचा

दुर्ग। पत्नी को तीन तलाक देकर दूसरी शादी करने वाला आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया। पद्मनाभपुर पुलिस ने उसे भोपाल के टीपी नगर इलाके से गिरफ्तार किया। आरोपी का नाम मोहम्मद रईस खोखर (29 वर्ष) है, जो कसारीडीह का रहने वाला है।पुलिस के अनुसार, रेशमा फातिमा (24 वर्ष) ने दिनांक 12 अप्रैल 2025 को पद्मनाभपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। रेशमा ने बताया कि उसका निकाह मोहम्मद रईस से 16 नवम्बर 2023 को मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था।

शादी के समय उसके परिजनों ने दूल्हे को 1 लाख 7 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर और अन्य महंगी सामग्री दी थी। निकाह के बाद रेशमा पति के साथ कसारीडीह में रहने लगी थी।कुछ महीनों में ही रईस का व्यवहार बदल गया। वह छोटी-छोटी बातों पर झगड़ने लगा। हालात इतने बिगड़े कि 18 दिसम्बर 2024 को रईस ने रेशमा को तीन तलाक दे दिया और फिर दूसरी शादी कर ली।

प्रकरण में अपराध क्रमांक 103/2025 धारा 115(2) बीएनएस एवं मुस्लिम विवाह अनुच्छेद अधिनियम की धारा 4 के तहत केस दर्ज किया गया। आरोपी फरार हो गया था, लेकिन पुलिस लगातार उसकी तलाश में लगी रही। मुखबिर से सूचना मिली कि रईस भोपाल में टीपी नगर इलाके में छिपा है। पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?