ईंट भट्टा के मुंशी की तीन मजदूरों ने टंगिया से मारकर की हत्या, नाबालिग समेत आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग। साधारण वाद-विवाद ने एक बड़ी वारदात का रूप ले लिया। जिले के ग्राम चंगोरी स्थित शिवलाल चकधारी के ईंट भट्टा में कार्यरत मुंशी किशन लाल साहू (55 वर्ष) की उसी भट्ठे में काम करने वाले मजदूरों ने टंगिया से हमला कर हत्या कर दी। इस वारदात में दो वयस्क मजदूरों के साथ एक नाबालिग भी शामिल पाया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
घटना कैसे हुई दिनांक 24 अगस्त की रात लगभग 8:30 बजे, आरोपी मजदूर काशीराम चौहान, धनसाय साहू और एक नाबालिग अपने क्वार्टर के बाहर शराब पी रहे थे। तभी वहां मुंशी किशन लाल साहू आ गया। पुराने झगड़े और गाली-गलौज को लेकर विवाद बढ़ा। गुस्से में आकर आरोपियों ने किशन लाल साहू पर हमला कर दिया।आरोपी धनसाय व नाबालिग ने हाथ-मुक्के से पीटकर किशन लाल को पकड़ा।इसी दौरान काशीराम चौहान ने पास पड़ी टंगिया से उसके सिर पर प्राणघातक वार कर दिया।
घायल किशन लाल को ईंट भट्ठा मालिक अस्पताल ले गया, जहां 25 अगस्त की सुबह उसकी मौत हो गई।हादसा बताने की कोशिशहत्या के बाद आरोपियों ने घटना को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की। उन्होंने मालिक को बताया कि किशन लाल मजाक-मस्ती करते समय टंगिया में गिरकर घायल हुआ है। लेकिन पुलिस जांच में सच सामने आ गया।
पुलिस कार्रवाईपुलिस ने आरोपियों से टंगिया, खून लगे कपड़े और शराब की बोतल जब्त की है।आरोपी काशीराम चौहान और धनसाय साहू के साथ नाबालिग को गिरफ्तार किया गया।प्रकरण में चौकी प्रभारी अंजोरा संतोष कुमार साहू और एसीसीयू टीम की बड़ी भूमिका रही।
यह हत्या साबित करती है कि शराबखोरी और आपसी झगड़े कभी-कभी कितने खतरनाक रूप ले सकते हैं।
