“पेंशन अधिकार है, दया नहीं” — राष्ट्रीय पेंशनर दिवस पर वरिष्ठ पेंशनर्स का सम्मान

“पेंशन अधिकार है, दया नहीं” — राष्ट्रीय पेंशनर दिवस पर वरिष्ठ पेंशनर्स का सम्मान

रायपुर, 17 दिसंबर।राष्ट्रीय पेंशनर दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ अधिकारी–कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन जिला शाखा रायपुर द्वारा कर्मचारी भवन में वरिष्ठ पेंशनर्स सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 75 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनर साथियों को सम्मानित कर उनके दीर्घ सेवाकाल और योगदान को नमन किया गया।समारोह के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त आईएएस अशोक अग्रवाल तथा विशेष अतिथि सेवानिवृत्त विशेष आयुक्त (जीएसटी) आर.के. त्रिवेदी रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला संरक्षक विजय झा ने की, जबकि जिलाध्यक्ष पंकज नायक मंचासीन रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ पेंशनर्स आंदोलन के पुरोधा स्व. डी.एस. नाकारा के छायाचित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर विजय झा, अशोक अग्रवाल, आर.के. त्रिवेदी, राजेन्द्र उमाठे, पंकज नायक, शंकर तम्बोली, सी.एल. दुबे एवं लक्ष्मण प्रसाद पनका ने अपने विचार व्यक्त किए।वक्ताओं ने राष्ट्रीय पेंशनर दिवस की ऐतिहासिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए पेंशन को वैधानिक अधिकार बताया। जिलाध्यक्ष पंकज नायक ने कहा कि 17 दिसंबर 1982 को सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए डी.एस. नाकारा बनाम भारत सरकार के निर्णय ने यह स्पष्ट कर दिया कि पेंशन कोई दया या कृपा नहीं, बल्कि सेवानिवृत्ति से पूर्व दी गई सेवाओं के प्रतिफल का अधिकार है।

कार्यक्रम में पुरानी पेंशन योजना और नई पेंशन प्रणाली (एनपीएस) के अंतर, डिजिटल युग में पेंशनर्स की चुनौतियाँ तथा सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने आर्थिक मितव्ययिता के नाम पर पेंशन व्यवस्था को सीमित करने पर चिंता जताते हुए कहा कि यह वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के लिए गंभीर विषय है। छत्तीसगढ़ में वर्ष 2008 में नियमित किए गए वर्कचार्ज कर्मचारियों को मिलने वाली न्यूनतम पेंशन को भी अपर्याप्त बताते हुए इसे सम्मानजनक जीवन के लिए नाकाफी कहा गया।

वक्ताओं ने आगाह किया कि आने वाले वर्षों में वरिष्ठ नागरिकों की संख्या में तेज़ वृद्धि होगी, ऐसे में सरकार को दूरदर्शी और मजबूत सामाजिक सुरक्षा नीति तैयार करनी होगी।कार्यक्रम के अंत में यशवंत भोंसले ने समापन उद्बोधन देते हुए अतिथियों, पेंशनर साथियों और आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में बी.पी. कुरिल, मानक लाल पाण्डेय, विमल कुंडू, के.एन. शर्मा, प्यारेलाल सेन, राकेश त्रिवेदी, मालिकराम चन्द्राकर, महेंद्र राठौर, श्रीराम तांडी सहित बड़ी संख्या में पेंशनर्स साथी उपस्थित रहे।

पंकज नायक जिलाध्यक्ष छत्तीसगढ़ अधिकारी–कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन जिला शाखा, रायपुर

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?