दुर्ग में अटल विहारी वाजपेयी चौक का लोकार्पण, शहरवासियों को मिला अटल परिसर

दुर्ग में अटल विहारी वाजपेयी चौक का लोकार्पण, शहरवासियों को मिला अटल परिसर

दुर्ग, 25 दिसम्बर 2025।भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर दुर्ग शहरवासियों को एक ऐतिहासिक सौगात मिली। सुवा चौक स्थित जेल तिराहा अब “अटल विहारी वाजपेयी चौक” एवं अटल परिसर के रूप में जाना जाएगा। इस अवसर पर सांसद दुर्ग विजय बघेल एवं महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने अटल परिसर प्रांगण में स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा का विधिवत लोकार्पण किया।कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, छत्तीसगढ़ महतारी एवं श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।

यह लोकार्पण मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा राज्य के 115 शहरों में अटल परिसरों के वर्चुअल उद्घाटन की श्रृंखला का हिस्सा रहा।मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि अटल जी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि विचार, कविता और संवाद के माध्यम से राष्ट्र को दिशा देने वाले महान व्यक्तित्व थे। उनकी वाणी और विचार आज भी भारत को प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि अटल–आडवाणी के नेतृत्व में देश ने वैश्विक मंच पर नई पहचान बनाई।

सांसद बघेल ने सांसद खेल महोत्सव की सफलता का उल्लेख करते हुए बताया कि इसमें लगभग 1500 खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया।महापौर अलका बाघमार ने अटल जी को महान राष्ट्रनेता, कवि एवं पत्रकार बताते हुए कहा कि वे पहले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री थे, जिन्होंने मानवीय मूल्यों के साथ देश का नेतृत्व किया। उनके निर्णय कठोर जरूर थे, लेकिन उद्देश्य सदैव जनकल्याणकारी रहे। उन्होंने आधारभूत संरचना, परिवहन और सुशासन के क्षेत्र में अटल जी के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि यह चौक आने वाले समय में अटल जी की विचारधारा का प्रतीक बनेगा।

कार्यक्रम में कलेक्टर अभिजीत सिंह, आयुक्त सुमित अग्रवाल, सभापति श्याम शर्मा, एमआईसी सदस्य, पार्षदगण, जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, वरिष्ठ अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन अटल जी के राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान को नमन करते हुए किया गया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?