शटर तोड़कर मोबाइल व नकदी चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, 40 हजार का माल बरामद
दुर्ग। दुर्ग पुलिस को त्रिनयन एप के माध्यम से बड़ी सफलता मिली है। थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मोबाइल एवं ईयरबर्ड सहित लगभग 40 हजार रुपये का माल बरामद किया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी रॉकीराज मिश्रा (20 वर्ष), निवासी इंदिरा नगर हथखोज, शंकराचार्य कॉलेज में बीटेक द्वितीय वर्ष का छात्र है। उसके पिता उपेन्द्र कुमार साव के नाम से ट्रांसपोर्ट नगर हथखोज में “सीजी मोबाइल” नामक दुकान है। दिनांक 5 जुलाई 2025 की रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर शटर में ताला लगाकर वह घर चला गया था। अगले दिन सुबह पड़ोसी सैलून संचालक ने फोन कर दुकान का शटर टूटा होने की सूचना दी।
दुकान में जांच करने पर 2 नग जियो कीपैड मोबाइल, 2 नग आईटेल कंपनी के कीपैड मोबाइल, नोट कटिंग मशीन, 5 नग एयरबर्ड, पुराने उपयोग में लिए गए मोबाइल तथा दराज व गुल्लक में रखी नगदी कुल 40,000 रुपये चोरी होना पाया गया। रिपोर्ट पर थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 261/2025 धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि खुर्सीपार निवासी कुलदीप कौशिक कीपैड मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश कर रहा है।
पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़कर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथी विराज निर्मलकर के साथ मिलकर हथखोज स्थित मोबाइल दुकान में चोरी करना स्वीकार किया।पुलिस ने आरोपी कुलदीप कौशिक पिता नोहर कौशिक (23 वर्ष), निवासी दुर्गा मंदिर सरकारी स्कूल के पास खुर्सीपार तथा विराज निर्मलकर पिता किशन निर्मलकर (18 वर्ष 2 माह), निवासी दुर्गा मंदिर नंगईया पारा खुर्सीपार के कब्जे से चोरी गए 6 नग कीपैड मोबाइल एवं 2 नग एयरबर्ड कुल कीमती 40,000 रुपये बरामद किए। आरोपियों ने नगदी राशि खाने-पीने में खर्च करना बताया।
दोनों आरोपियों को दिनांक 29 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी अम्बर सिंह भारद्वाज, प्रधान आरक्षक रविन्द्र भारतीय, आरक्षक बंटी सिंह एवं संजय मनहरे की उल्लेखनीय भूमिका रही।
