भिलाई स्टील प्लांट में कॉपर वायर चोरी गिरोह का सरगना गिरफ्तार निगरानीशुदा बदमाश शत्रुघन धनकर पुलिस की गिरफ्त में, 210 किलो कॉपर स्क्रैप पहले ही जप्त
दुर्ग। भिलाई स्टील प्लांट क्षेत्र में कॉपर वायर चोरी करने वाले गिरोह के सरगना को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। थाना भिलाई भट्ठी पुलिस ने निगरानीशुदा बदमाश शत्रुघन धनकर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में रिमांड पर प्रस्तुत किया है। प्रकरण में चोरी गया लगभग 210 किलोग्राम कॉपर स्क्रैप वायर एवं घटना में प्रयुक्त वाहन को पूर्व में ही जप्त किया जा चुका है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 03 फरवरी 2026 को केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) भिलाई स्टील प्लांट की लिखित रिपोर्ट पर थाना भिलाई भट्ठी में सूचना दर्ज की गई थी कि भिलाई इस्पात संयंत्र क्षेत्र अंतर्गत जलभवन के पीछे स्थित प्रोपेन प्लांट क्षेत्र से कॉपर वायर चोरी का प्रयास किया गया है। रिपोर्ट के आधार पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।विवेचना के दौरान आरोपी संतोष निषाद (35 वर्ष), निवासी स्टेशन मरोदा, उत्कल नगर भिलाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी शत्रुघन धनकर एवं अन्य के साथ मिलकर भिलाई इस्पात संयंत्र की बाउंड्री वॉल पार कर अंदर प्रवेश किया और हुंडई सेंट्रो कार क्रमांक CG-04-E-9100 में लगभग 210 किलोग्राम कॉपर स्क्रैप वायर लोड कर चोरी की। चोरी की सामग्री को ले जाते समय CISF द्वारा आरोपियों को पकड़ लिया गया था।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 210 किलोग्राम कॉपर स्क्रैप वायर, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1,36,500/- है, एवं घटना में प्रयुक्त वाहन को जप्त कर आरोपी को पूर्व में रिमांड पर भेजा था। मामले की आगे की विवेचना में आरोपी की निशानदेही पर तांबा तार चोर गिरोह के सरगना एवं निगरानीशुदा बदमाश शत्रुघन धनकर (43 वर्ष), निवासी संगम चौक, स्टेशन मरोदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग को 06 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया गया।इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना भिलाई भट्ठी के थाना प्रभारी निरीक्षक प्रकाश कांत, सहायक उप निरीक्षक भारत सिंह चौधरी, आरक्षक पुरुषोत्तम साहू, जयनारायण यादव एवं राकेश प्रजापति की सराहनीय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की चोरी अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
