जिला चिकित्सालय ओपीडी में व्हील चेयर की कमी, मरीजों की सुविधा हेतु सिविल सर्जन को सौंपा ज्ञापन
दुर्ग / जिला चिकित्सालय के ओपीडी परिसर में वयोवृद्ध, दुर्घटना ग्रस्त एवं फ्रैक्चर से पीड़ित मरीजों की सुविधा के लिए व्हील चेयर की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर सिविल सर्जन को ज्ञापन सौंपा गया। बताया गया कि व्हील चेयर मरीजों के लिए अत्यंत आवश्यक उपकरण है, जो गंभीर अवस्था में आने वाले मरीजों को सुरक्षित एवं सुगमता से एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि वर्तमान में ओपीडी कैंपस में पर्याप्त संख्या में व्हील चेयर उपलब्ध नहीं है।
साथ ही, उचित दिशा-निर्देश एवं नियंत्रण के अभाव में जो व्हील चेयर मौजूद हैं, उनका भी समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है। इसके कारण प्रभावित मरीजों एवं उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।इस संबंध में जिला चिकित्सालय की जीवन दीप समिति के आजीवन सदस्य दिलीप ठाकुर एवं मानद सदस्य प्रशांत डोंगावकर ने सिविल सर्जन सह अधीक्षक डॉ. ए.के. मिंज को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।ज्ञापन प्राप्त होने पर सिविल सर्जन सह अधीक्षक ने इस समस्या पर त्वरित संज्ञान लेते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि व्हील चेयर की आवश्यकता केवल ओपीडी तक सीमित नहीं है, बल्कि आपातकालीन विभाग में भी इसकी महती भूमिका होती है। ऐसे में मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उचित संख्या में व्हील चेयर उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
स्थानीय लोगों ने भी उम्मीद जताई है कि शीघ्र ही इस दिशा में ठोस पहल होगी, जिससे मरीजों को राहत मिल सकेगी।
