एनटीपीसी में नौकरी का झांसा देकर 10 लाख की ठगी, दंपत्ति गिरफ्तार
:फर्जी नियुक्ति पत्र भेजकर बनाया शिकार, किस्तों में वसूली की रकम
दुर्ग, 01 मार्च 2026।नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले दंपत्ति को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने मंत्रालय में सहायक ग्रेड-3 तथा बाद में एनटीपीसी में सहायक अभियंता (AE) पद पर नियुक्ति दिलाने का झांसा देकर 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।पुलिस के अनुसार, बोरीगारका निवासी प्रार्थी रविकांत साहू ने थाना पदमनाभपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपियों ने पहले मंत्रालय में सहायक ग्रेड-3 पद पर नौकरी लगाने का आश्वासन दिया।
जब यह संभव नहीं हुआ तो एनटीपीसी में एई पद पर नियुक्ति कराने का भरोसा दिलाया गया। इसके बाद आरोपियों ने किस्तों में कुल 10 लाख रुपये प्राप्त किए और बाद में ई-मेल के माध्यम से फर्जी नियुक्ति पत्र भेजकर प्रार्थी को भ्रमित किया।शिकायत के आधार पर थाना पदमनाभपुर में अपराध क्रमांक 143/2026 के तहत धारा 420, 467, 468 एवं 120(बी) भादवि के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान आरोपी प्रिया देशमुख (36 वर्ष) निवासी न्यू आदर्श नगर को 28 फरवरी को गिरफ्तार किया गया, जबकि सह-आरोपी प्रशांत कुमार देशमुख (49 वर्ष) को 1 मार्च को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर दोनों को जेल भेज दिया गया है।
जांच में आरोपियों के कब्जे से फर्जी नियुक्ति पत्र की ई-मेल प्रिंट कॉपी, मोबाइल फोन तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने अवैध आर्थिक लाभ प्राप्त करने की मंशा से यह अपराध किया।पुलिस की अपीलदुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी शासकीय या अर्धशासकीय संस्था में नौकरी दिलाने के नाम पर धनराशि मांगने वाले व्यक्तियों से सावधान रहें।
किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
