नेवई बैकुंठधाम में गाडगे बाबा की 150वीं जयंती पर ‘निर्मल दिवस’ का आयोजन, विधायक ललित चंद्राकर मुख्य अतिथि
दुर्ग। ललित चंद्राकर ने नेवई स्थित प्राचीन बैकुंठधाम मंदिर में आयोजित ‘निर्मल दिवस’ कार्यक्रम में शामिल होकर राष्ट्र संत शिरोमणि गाडगे बाबा की 150वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। यह कार्यक्रम रजक धोबी निर्मलकर समाज, रिसाली परिक्षेत्र द्वारा बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ आयोजित किया गया।कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित विधायक चंद्राकर ने गाडगे बाबा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि हम आज ऐसे महान संत का स्मरण कर रहे हैं, जिन्होंने अपने जीवन और कर्मों से समाज को स्वच्छता, सेवा और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि संत गाडगे बाबा का “स्वच्छता ही सच्ची पूजा” का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक और प्रेरणादायक है।विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि संत गाडगे बाबा की स्वच्छता की प्रेरणा से ही देश में स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप मिला है। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त 2014 को नरेंद्र मोदी द्वारा लाल किले से प्रारंभ किया गया स्वच्छ भारत अभियान आज व्यापक जनभागीदारी का अभियान बन चुका है। इस अभियान ने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में माताओं-बहनों को सम्मान दिलाने का कार्य किया है तथा शौचालय निर्माण के माध्यम से उनकी गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित की है।उन्होंने आगे कहा कि केंद्र सरकार द्वारा गरीबों के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएँ संचालित की जा रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना एवं प्रधानमंत्री जनधन योजना जैसी योजनाओं से आमजन को सीधा लाभ मिल रहा है।
आज सरकारी सहायता सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में पहुंच रही है, जिससे पारदर्शिता और विश्वास दोनों में वृद्धि हुई है।विधायक चंद्राकर ने शिक्षा को विकास का मूलमंत्र बताते हुए कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त कर नौकरी पाने का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कारित और सफल जीवन की आधारशिला है। उन्होंने समाज से सभी बच्चों को शिक्षा से जोड़ने की अपील की तथा युवाओं को नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।
किसानों के संदर्भ में उन्होंने कहा कि प्रदेश के 25 लाख 28 हजार से अधिक किसानों ने धान विक्रय किया है और कृषक उन्नति योजना के तहत 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि किसानों के खातों में अंतरित की गई है, ताकि वे होली का त्योहार आनंदपूर्वक मना सकें। उन्होंने कहा कि इस वर्ष किसानों को बारदाने की कोई समस्या नहीं हुई और भुगतान भी समय पर हुआ है। हमारी सरकार किसान हितैषी है और किसानों के लिए प्रगतिशील योजनाएं लागू कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर मनोज निर्मलकर, विष्णु निर्मलकर (जिला अध्यक्ष), जीवन निर्मलकर, डॉ. धर्मेंद्र निर्मलकर, श्रीमती रूपा रजक, श्रीमती अनीता निर्मलकर, मोहन निर्मलकर, मोहन रजक, प्रेम शंकर निर्मलकर, संयोजक राजेंद्र रजक, अध्यक्ष डॉ. प्रेमलाल निर्मलकर, चैतलाल निर्मलकर, उपेंद्र रिगरी, भगवान बुंदेला, राजेंद्र रजक (जिला मंत्री), शैलेन्द्र सेंडे, मरोदा पुरैना मंडल अध्यक्ष राजू जंघेल सहित समाज के अनेक नागरिक उपस्थित रहे।
