हनीट्रैप के जरिए रची गई अपहरण की साजिश का पर्दाफाश, भांजा निकला मास्टरमाइंड – 5 आरोपी गिरफ्तार

हनीट्रैप के जरिए रची गई अपहरण की साजिश का पर्दाफाश, भांजा निकला मास्टरमाइंड – 5 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। अमलेश्वर थाना क्षेत्र में हनीट्रैप के माध्यम से नाबालिग के अपहरण की साजिश का दुर्ग पुलिस ने महज चंद घंटों में खुलासा कर दिया। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर अपहृत बालक को सकुशल बरामद कर लिया है। हैरानी की बात यह रही कि पूरे मामले का मास्टरमाइंड पीड़ित परिवार का ही परिचित/भांजा निकला।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 12 अप्रैल 2026 को प्रार्थी ने थाना अमलेश्वर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके नाबालिग पुत्र को मोटरसाइकिल बनवाने के बहाने तिरंगा चौक बुलाकर अज्ञात लोगों ने अपहरण कर लिया। घटना के बाद आरोपियों ने मोबाइल के जरिए संपर्क कर धमकी भी दी।मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना अमलेश्वर पुलिस, साइबर सेल और एसीसीयू की संयुक्त टीम बनाई गई। तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई।

इसी दौरान आरोपियों की लोकेशन धमतरी जिले में मिलने पर वहां की पुलिस से समन्वय कर घेराबंदी की गई और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी संजय साहू ने महिला आरोपी हेम पुष्पा साहू के जरिए हनीट्रैप की साजिश रची थी। इसके बाद बालक को झांसे में लेकर अपने साथियों के साथ मिलकर अपहरण किया गया। आरोपियों ने फिरौती के उद्देश्य से अपराध करना स्वीकार किया है।गिरफ्तार आरोपियों में शैलेन्द्र लहरे, कृष्णा साहू उर्फ करण, रविंद्र लहरे, संजय साहू और हेम पुष्पा साहू शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक सेंट्रो कार और 6 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2), 140(3), 351(3) एवं 61 के तहत कार्रवाई कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया और अज्ञात लोगों से संपर्क करते समय सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?