घुमका नगर पंचायत अध्यक्ष चुनाव आज, भाजपा-कांग्रेस में सीधा मुकाबला
राजनांदगांव जिले के घुमका नगर पंचायत में आज अध्यक्ष पद के लिए मतदान हो रहा है। नगर पंचायत गठन के बाद हो रहे इस पहले चुनाव को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखा जा रहा है। भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों ने प्रचार अभियान में पूरी ताकत झोंक दी है, जिससे चुनावी मुकाबला बेहद रोचक और प्रतिष्ठापूर्ण बन गया है।अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस की फूलमती वर्मा और भाजपा की किरण वर्मा आमने-सामने हैं। मतदान से पहले दोनों दलों के नेताओं ने जनसंपर्क और सभाओं के माध्यम से मतदाताओं को अपने पक्ष में करने का प्रयास किया।
चुनाव को लेकर नगर पंचायत क्षेत्र में लगातार राजनीतिक चर्चाएं जारी हैं और लोगों के बीच यह सवाल प्रमुख बना हुआ है कि जीत का ताज आखिर किसके सिर सजेगा।राज्य में भाजपा की सरकार होने के कारण पार्टी समर्थक अपनी जीत को लेकर आश्वस्त नजर आ रहे हैं, वहीं कांग्रेस भी स्थानीय मुद्दों और जनसंपर्क के दम पर मुकाबले में मजबूती का दावा कर रही है। इस चुनाव में दोनों राष्ट्रीय दलों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री सहित पार्टी संगठन की साख जुड़ी हुई है, जबकि कांग्रेस के लिए भी यह चुनाव संगठनात्मक ताकत और जनाधार की परीक्षा माना जा रहा है।
मतदान संपन्न होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घुमका नगर पंचायत की पहली अध्यक्ष कौन बनेगी। फिलहाल दोनों दल अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं और क्षेत्र की जनता के फैसले का इंतजार कर रहे हैं।
