दुर्ग में अंधे कत्ल का खुलासा, महिला की हत्या के मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार

पुलगांव थाना क्षेत्र में 55 वर्षीय महिला भगवंतीन साहू की हत्या के मामले में दुर्ग पुलिस ने चंद घंटों के भीतर अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई को मजदूरी के लिए घर से निकली महिला का शव पुलगांव नाला फ्लाईओवर के पास झाड़ियों में मिला था। जांच के दौरान घटनास्थल से जुटाए गए वैज्ञानिक साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयान के आधार पर हर्ष यादव और नितेश ठाकुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें दोनों ने हत्या करना स्वीकार किया।
आरोपियों ने शराब के नशे में महिला को पैसों का लालच देकर सुनसान स्थान पर ले जाकर जबरन दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने और पुलिस में शिकायत की चेतावनी देने पर गमछे से गला दबाकर तथा बोल्डर पत्थर से सिर व चेहरे पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर, कपड़े और अन्य साक्ष्य बरामद कर दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
