दुर्ग संभाग स्तरीय साहू सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब, स्व. ताराचंद साहू की प्रतिमा निर्माण हेतु 40 लाख की घोषणा
दुर्ग। रविशंकर स्टेडियम दुर्ग में रविवार को दुर्ग संभाग स्तरीय साहू सम्मेलन एवं स्व. ताराचंद साहू स्मृति सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक आयोजन में दुर्ग, भिलाई सहित पूरे दुर्ग संभाग के 8 जिलों से लगभग 10 हजार समाजजन शामिल हुए। सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक चले कार्यक्रम में साहू समाज की एकता और संगठनात्मक शक्ति का प्रभावशाली प्रदर्शन देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण एवं भक्त माता कर्मा की आरती से हुई। इसके पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। दुर्ग जिला साहू संघ के अध्यक्ष नंदलाल साहू ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि यह सम्मेलन समाज को एकजुट करने और उसके महत्व को दर्शाने का सशक्त माध्यम बना है। समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 32 विशिष्टजनों को स्व. ताराचंद साहू स्मृति सम्मान से सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने स्व. ताराचंद साहू को छत्तीसगढ़ का महान संगठक एवं सर्वसमाज को साथ लेकर चलने वाला नेता बताते हुए दुर्ग वाई-सेप ब्रिज के पास उनकी आदमकद प्रतिमा निर्माण हेतु 40 लाख रुपये की घोषणा की। सांसद विजय बघेल, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू सहित अन्य अतिथियों ने भी स्व. ताराचंद साहू के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंत में माता कर्मा की महाआरती एवं राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।उपरोक्त जानकारी जिला साहू संघ के मीडिया प्रभारी राकेश साहू ने दी।
