दुर्ग रेंज में साइबर सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम, साइबर थाना व ट्रेनिंग सेंटर हेतु भूमि पूजन, दधीचि प्रशिक्षण हॉल का उद्घाटन
दुर्ग, 23 दिसंबर 2025।दुर्ग रेंज में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं पुलिस प्रशिक्षण को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज श्री रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) द्वारा रेंज साइबर थाना तथा साइबर ट्रेनिंग सेंटर भवन हेतु चयनित भूमि का विधिवत पूजन किया गया।
साथ ही रक्षित केंद्र दुर्ग में दधीचि प्रशिक्षण हॉल का उद्घाटन भी संपन्न हुआ। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग श्री विजय अग्रवाल (भा.पु.से.) विशेष रूप से उपस्थित रहे।कार्यक्रम का आयोजन महिला थाना सेक्टर-06 के समीप तथा पुलिस लाइन दुर्ग में किया गया। भूमि पूजन एवं उद्घाटन समारोह के दौरान पुलिस महानिरीक्षक श्री गर्ग ने कहा कि साइबर अपराधों की रोकथाम, विवेचना एवं अन्य आधुनिक पुलिसिंग विषयों पर नियमित प्रशिक्षण आयोजित होने से पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
उन्होंने इसे समय की आवश्यकता बताते हुए भविष्य में साइबर अपराधों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए अहम कदम बताया।इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (आयूसीएडब्ल्यू) श्रीमती पद्मश्री तंवर, उप पुलिस अधीक्षक लाइन चंद्रप्रकाश तिवारी, रक्षित निरीक्षक नीलकंठ वर्मा, साइबर रेंज थाना प्रभारी पुष्पेंद्र भट्ट, उप निरीक्षक संकल्प राय, महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक नीता राजपूत सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
पुलिस विभाग द्वारा साइबर थाना एवं साइबर ट्रेनिंग सेंटर की स्थापना से न केवल साइबर अपराधों की विवेचना को मजबूती मिलेगी, बल्कि नवीन तकनीकों से पुलिस बल को प्रशिक्षित कर आम नागरिकों को बेहतर सुरक्षा प्रदान की जा सकेगी।
