रायपुर में राष्ट्रीय युवा दिवस पर एबीवीपी की प्रेरणादायी संगोष्ठी आयोजित

रायपुर, 16 जनवरी 2026।अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी), रायपुर द्वारा स्वामी विवेकानंद जी की जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय, फाफाडीह में एक प्रेरणादायी संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सहभागिता रही।संगोष्ठी में प्रख्यात पत्रकार डॉ. संदीप कुमार तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि शिक्षाविद् डॉ. भूमिराज पटेल ने मुख्य वक्ता के रूप में युवाओं को संबोधित किया। कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि सुश्री रुचिका गौतम रहीं।
मुख्य अतिथि डॉ. संदीप कुमार तिवारी ने विकसित भारत और विजन 2047 में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सशक्त राष्ट्र निर्माण के लिए युवाओं का स्वस्थ, स्वावलंबी और सकारात्मक होना आवश्यक है। उन्होंने नशा, नकारात्मकता और अनावश्यक आरोप-प्रत्यारोप से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि आज का युवा ही कल का नेतृत्वकर्ता है।मुख्य वक्ता डॉ. भूमिराज पटेल ने कहा कि मनुष्य का सबसे बड़ा शत्रु उसका डर और सबसे बड़ा मित्र उसका आत्मविश्वास है। आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य पर केंद्रित रहकर ही सफलता प्राप्त की जा सकती है।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि भविष्य के डॉक्टर, कलेक्टर, वैज्ञानिक और नेता आज के विद्यार्थी ही हैं।विशिष्ट अतिथि सुश्री रुचिका गौतम ने एबीवीपी के राष्ट्रव्यापी अभियान “Screen Time to Activity Time” की जानकारी देते हुए कहा कि आज का युवा मोबाइल स्क्रीन तक सीमित होता जा रहा है, जबकि राष्ट्र को सक्रिय और जागरूक युवा शक्ति की आवश्यकता है। यह अभियान युवाओं को मोबाइल से मैदान, सोशल मीडिया से समाज सेवा और निष्क्रियता से राष्ट्र निर्माण की ओर ले जाने का प्रयास है।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद जी के विचारों, आत्मनिर्भरता, अनुशासन और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
अंत में एबीवीपी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्क्रीन टाइम कम कर खेल, रचनात्मक गतिविधियों, समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
