छात्रावासों की समस्याओं को लेकर ABVP का कुलपति को ज्ञापन, जल्द कार्रवाई की मांग
रायपुर, 23 फरवरी 2026।अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद) रायपुर महानगर के प्रतिनिधि मंडल ने आज पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति से भेंट कर विश्वविद्यालय के विभिन्न छात्रावासों में व्याप्त गंभीर एवं चिंताजनक समस्याओं को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। परिषद ने प्रशासन से शीघ्र, ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधि मंडल ने विश्वविद्यालय प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि छात्रावासों में दूषित पेयजल, स्वच्छता की भारी कमी, मेस के भोजन की निम्न गुणवत्ता, नियमित चिकित्सा सुविधाओं का अभाव तथा प्रशासनिक लापरवाही के कारण छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। हाल ही में दूषित पानी के सेवन से कई छात्राओं के बीमार पड़ने की घटनाओं को परिषद ने अत्यंत निंदनीय बताते हुए इसे प्रशासन की विफलता करार दिया।
ज्ञापन में परिषद ने प्रमुख मांगों में छात्रावासों एवं विश्वविद्यालय परिसर में निःशुल्क और सुचारु वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराने, छात्र-छात्राओं को शासकीय छात्रवृत्ति एवं छात्रावास योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने, शौचालयों, स्नानगृहों एवं सामूहिक स्थलों की नियमित और वैज्ञानिक सफाई व्यवस्था लागू करने पर जोर दिया। साथ ही छात्राओं के लिए निःशुल्क सेनेटरी पैड वितरण तथा सभी छात्रावासों में सेनेटरी वेंडिंग मशीन स्थापित करने की मांग भी रखी गई।इसके अलावा पेयजल की नियमित गुणवत्ता जांच, वॉटर फिल्टर की समय-समय पर सफाई और आवश्यकतानुसार नए फिल्टर लगाने, मेस की स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता में सुधार, छात्रावास कर्मचारियों में अनुशासन सुनिश्चित करने तथा वार्डन द्वारा छात्राओं से संवेदनशील और शालीन व्यवहार करने की मांग की गई।
परिषद ने पंडित जी प्रोफेशनल गर्ल्स हॉस्टल की जर्जर इमारत की शीघ्र मरम्मत, पीलिया से पीड़ित छात्राओं के उपचार और दवा खर्च का वहन विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा करने की भी मांग रखी।साथ ही छात्रावासों में नियमित एवं निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास के समीप स्थित बायोगैस प्लांट से उत्पन्न दुर्गंध के स्थायी निराकरण के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की बात कही गई।इस अवसर पर परिषद की सह मंत्री हर्षित कौर ने कहा कि विद्यार्थियों का स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि है। यदि छात्रावासों में स्वच्छ जल, स्वच्छ वातावरण और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जाती हैं तो यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य है।
उन्होंने कहा कि परिषद प्रशासन से अपेक्षा करती है कि सभी मांगों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की जाए, अन्यथा संगठन छात्रहित में चरणबद्ध एवं व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
परिषद ने स्पष्ट किया कि संगठन छात्र-छात्राओं के अधिकारों, स्वास्थ्य और सम्मान की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है तथा समस्याओं के स्थायी समाधान तक संघर्ष जारी रखेगा।
