एसडीएम प्रफुल्ल रजक की अगुवाई में ताबड़तोड़ कार्रवाई, कई स्थानों पर छापेमारी
बिना वैध दस्तावेज के हो रहा था उत्खनन और परिवहन, सभी वाहन पुलिस अभिरक्षा में
बिलाईगढ़/31 मार्च। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी डॉ. संजय कन्नौजे के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) प्रफुल्ल रजक द्वारा अवैध खनिज उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 13 ट्रैक्टर और 1 हाइवा वाहन को जब्त किया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बेलटिकरी में पत्थर का अवैध उत्खनन कर परिवहन करते हुए 6 ट्रैक्टरों को मौके पर ही जब्त किया गया। सभी वाहनों को थाना बिलाईगढ़ की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है।इसी क्रम में सरसीवां के समीप ग्राम पेंड्रावन में अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए 6 ट्रैक्टरों को जब्त किया गया।
जांच के दौरान इन वाहनों के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए।वहीं भटगांव क्षेत्र में भी कार्रवाई करते हुए रेत का अवैध परिवहन कर रहे 1 हाइवा और 1 ट्रैक्टर को जब्त कर थाना भटगांव को सौंपा गया। इन वाहनों के पास भी आवश्यक अनुमति या वैध दस्तावेज नहीं थे।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनिज कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
