1 लाख की रिश्वत लेते कृषि विकास अधिकारी रंगे हाथ गिरफ्तार
सूरजपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एसीबी और ईओडब्ल्यू की टीम ने कृषि विकास अधिकारी (बीज निरीक्षक) सोहन लाल भगत को 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक आरोपी अधिकारी ने कुल 3 लाख रुपए की रिश्वत की मांग की थी। पहली किस्त के रूप में 1 लाख रुपए लेते ही टीम ने दबिश देकर उसे पकड़ लिया।
क्या है पूरा मामला?प्रार्थी अजीत कुमार कश्यप, जो प्रतापपुर (सूरजपुर) निवासी हैं और हैदराबाद की बीज कंपनी भव्या सीड्स में एरिया सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं, ने शिकायत दर्ज कराई थी।अजीत ने बताया कि सीजन खत्म होने के बाद बचा हुआ बीज कंपनी को लौटाने के लिए कोल्ड स्टोरेज में रखा गया था। इसी दौरान कृषि विकास अधिकारी सोहन लाल भगत को इसकी जानकारी मिली।
धमकी देकर मांगी रिश्वत आरोपी अधिकारी ने अजीत को अवैध बीज भंडारण के झूठे केस में फंसाने की धमकी दी और कार्रवाई से बचाने के नाम पर 3 लाख रुपए की मांग की।
ऐसे हुआ ट्रैप शिकायत मिलने के बाद एसीबी और ईओडब्ल्यू की टीम ने योजना बनाकर ट्रैप बिछाया। जैसे ही आरोपी पहली किस्त के रूप में 1 लाख रुपए ले रहा था, टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
जांच जारी फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
