नारकोटिक एक्ट मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, गांजा तस्करी नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा
दुर्ग।थाना पुलगांव पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए नारकोटिक एक्ट के एक प्रकरण में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इससे पूर्व इस मामले में चार आरोपियों, जिनमें एक अपचारी बालक भी शामिल है, को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा चुका है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुखबिर की सूचना पर थाना पुलगांव पुलिस टीम ने अभिनंदन पैलेस, पुलगांव नदी रोड पर घेराबंदी कर बिना नंबर की काले रंग की स्कूटी के साथ चार व्यक्तियों को पकड़ा।
पकड़े गए आरोपियों में वामन यादव, मुकेश वर्मा, योगेश साहू एवं एक अपचारी बालक शामिल थे। विधिवत तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से तीन पैकेट गांजा, अलग से झिल्ली में 15 पुड़िया, 5 नग मोबाइल फोन एवं स्कूटी क्रमांक CG-07 CZ 8454 बरामद की गई।जप्त सामग्री में कुल 3.033 किलोग्राम गांजा शामिल है। पुलिस ने थाना पुलगांव के अपराध क्रमांक 566/2025 धारा 20(बी), 27(ए) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा।पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि गांजा उन्होंने शखील बाग राजा उर्फ राज कन्हाई हट्टी निवासी बलांगीर, ओडिशा से खरीदा था।
जांच में सामने आया कि आरोपी शखील बाग थाना अंडा, जिला दुर्ग के अपराध क्रमांक 118/25 एनडीपीएस एक्ट के एक अन्य प्रकरण में पहले से ही जेल में निरुद्ध था।थाना पुलगांव पुलिस ने उक्त आरोपी शखील बाग को प्रकरण में पूछताछ के लिए प्रोडक्शन वारंट के तहत रिमांड पर लिया, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और गांजा तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों व नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
