रानीतराई साप्ताहिक बाजार में नकली नोट का बड़ा खुलासा, पति-पत्नी गिरफ्तार
दुर्ग। थाना रानीतराई क्षेत्र के साप्ताहिक बाजार में नकली नोट चलाने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नकली नोट चलाने वाले आरोपी अरूण कुमार तुरंग और उसकी पत्नी राखी तुरंग को हिरासत में लिया है। आरोपियों के पास से 500, 200 और 100 रुपये के कुल 1 लाख 70 हजार 500 रुपये के नकली नोट, कलर फोटो कॉपी प्रिंटर और कागज बरामद किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 दिसंबर 2025 को रानीतराई साप्ताहिक बाजार में नकली नोट चलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान सब्जी विक्रेता तुलेश्वर सोनकर (40 वर्ष), निवासी ग्राम सिलपट, जिला धमतरी ने बताया कि शाम करीब 5.30 बजे एक पुरुष और महिला ने 60 रुपये की सब्जी खरीदकर 500 रुपये का नोट दिया। बाद में बाजार में नकली नोट चलने की सूचना मिलने पर जब गल्ले की जांच की गई, तो नोट नकली पाया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने रानीतराई बाजार के अलावा पाटन साप्ताहिक बाजार में भी कई व्यापारियों को नकली नोट देकर सामान खरीदा था। पुलिस पूछताछ में आरोपी अरूण तुरंग ने स्वीकार किया कि उसने ऑनलाइन कलर प्रिंटर, फोटो कॉपी मशीन और पेपर मंगाकर नकली नोट छापे और बाजारों में चलाए।पुलिस ने आरोपी के निवास ग्राम सोनपैरी, मुजगहन, जिला रायपुर में विधिवत तलाशी लेकर नकली नोट छापने का सामान और बड़ी मात्रा में नकली मुद्रा जब्त की।
थाना रानीतराई में आरोपियों के खिलाफ अप.क्र.-123/2025, धारा 178, 179, 180, 181 एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।आरोपी विवरण :अरूण कुमार तुरंग (50 वर्ष)राखी तुरंग (40 वर्ष)निवासी – ग्राम सोनपैरी, मुजगहन, जिला रायपुर पुलिस द्वारा आगे की पूछताछ जारी है और अन्य संभावित मामलों की भी जांच की जा रही है।
