होली पर हुड़दंगियों पर शिकंजा – दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 28 असामाजिक तत्व जेल भेजे गए
:शांतिपूर्ण होली के लिए विशेष अभियान, सभी थाना क्षेत्रों में सतत निगरानी और सख्ती जारी
दुर्ग, 01 मार्च 2026।होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने जिले भर में विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान अशांति फैलाने की आशंका के आधार पर 28 आदतन आरोपियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार, त्यौहार के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों, चाकूबाजी की प्रवृत्ति रखने वाले व्यक्तियों तथा अवैध हथियार रखने वालों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
इसके लिए मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।इसी क्रम में विभिन्न थाना क्षेत्रों में समन्वित कार्रवाई करते हुए धारा 170 बीएनएसएस के तहत 28 आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। थाना दुर्ग से 2, मोहन नगर से 4, अंजोरा से 1, नगपुरा से 1, नेवई से 2, सुपेला से 5, जामुल से 2, पुरानी भिलाई से 4, पाटन से 1, उतई से 2 तथा धमधा से 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पेट्रोलिंग, चेकिंग तथा निगरानी को और सख्त किया गया है, ताकि होली के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
पुलिस की अपीलदुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि होली पर्व को शांति और सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद या आपराधिक घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
