पेंशनरों को 3% महंगाई भत्ता एरियर सहित देने की मांग
रायपुर।छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन की जिला शाखा रायपुर ने राज्य सरकार से पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों को जुलाई 2025 से देय 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) एरियर सहित प्रदान करने का आदेश शीघ्र जारी करने की मांग की है।जिला शाखा के अध्यक्ष पंकज नायक और सचिव बेनीराम गायकवाड़ ने कहा कि केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों और पेंशनरों को समय-समय पर महंगाई भत्ते का लाभ प्रदान करती है।
इसी प्रकार राज्य शासन को भी पेंशनरों के हित में समान निर्णय लेते हुए 3 प्रतिशत डीए का लाभ जुलाई 2025 से एरियर सहित देने का आदेश जारी करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि एरियर का भुगतान टालकर बाद की तिथि से लागू किया जाता है तो पेंशनरों को छह माह के एरियर का आर्थिक नुकसान होगा, जो न्यायोचित नहीं है।एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि पूर्व में भी एरियर भुगतान में देरी के कारण पेंशनर वर्ग प्रभावित होता रहा है, जिससे उनमें असंतोष की स्थिति बनती है। पेंशनरों ने अपने सेवा काल में राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, इसलिए उनके साथ न्यायपूर्ण व्यवहार किया जाना आवश्यक है।
इस संबंध में जिला शाखा के उपाध्यक्ष राजेंद्र कुमार उमाठे, प्रांतीय महामंत्री उमेश मुदलियार, संभागीय अध्यक्ष विमल कुंडु, जिला संरक्षक विजय झा, बी.पी. कुरील, यशवंत भोसले, के.एन. शर्मा, केदार प्रसाद अग्रवाल, राकेश त्रिवेदी, एन.के. मित्रा, आर.के. बजाज, सविता अदक, गीता गुप्ता, रंजना यादव, वासंती वराडपांडे, सेवंती नायडू, विश्वनाथ ध्रुव सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी राज्य शासन से मांग की है कि मध्यप्रदेश सरकार को आवश्यक सहमति प्रदान करते हुए छत्तीसगढ़ में भी पेंशनरों को जुलाई 2025 से 3 प्रतिशत डीए एरियर सहित देने का आदेश तत्काल जारी किया जाए।
