“जय हनुमान ज्ञान गुन सागर” के जयकारों से गूंजा धनोरा, भक्ति भाव से निकली भव्य शोभायात्रा

दुर्ग (धनोरा)। बाबा दरबार पावन धाम धनोरा में हनुमान प्रकटोत्सव बड़े ही श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। पूरा गांव “जय हो बजरंगबली” और “जय हनुमान ज्ञान गुन सागर” के जयकारों से भक्तिमय हो उठा।कार्यक्रम की शुरुआत शाम 6 बजे दरबार में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसके पश्चात भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में माताएं, बहनें और भाई केसरिया रंग की साड़ी व टी-शर्ट पहनकर, हाथों में ध्वज-पताका लिए बाजे-गाजे के साथ भक्ति गीतों और जयकारों के बीच शामिल हुए।
वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।इससे पूर्व दोपहर 3 बजे से प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। शोभायात्रा बजरंग पारा, बाजार चौक, मेन गली, शीतला पारा, कर्मा मंदिर, बमलेश्वरी पारा होते हुए गोल्डन चौक से महावीर उद्यान पहुंची। वहां गदाधारी हनुमान जी की सामूहिक पूजा-अर्चना कर ध्वज फहराया गया।दरबार के श्री लक्ष्मण बाबा जी ने बताया कि महावीर उद्यान से सभी भक्त पुनः दरबार पहुंचे, जहां रात्रि 10 बजे से छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध श्री राधा कृष्ण नाच पार्टी, धुर्रे बंजारी द्वारा भव्य नाच कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।
इस दौरान नाच में शिक्षा प्रदायक और सामाजिक संदेश देने वाले कौमिक प्रस्तुत किए गए, जिनमें स्वच्छता, नशा मुक्ति और मोबाइल के दुष्प्रभाव जैसे विषयों को प्रभावी ढंग से दिखाया गया। कार्यक्रम रातभर चलता रहा और सुबह 6 बजे तक भक्त भाव-विभोर होकर इसका आनंद लेते रहे।इस आयोजन में दरबार के श्री लक्ष्मण बाबा जी सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी, जनप्रतिनिधि, महिला मंडल एवं बाहर से आए श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन ने गांव में भक्ति, एकता और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।
इस संबंध में जानकारी दरबार प्रतिनिधि चंद्रकांत कोसरे एवं कुंजलाल साहू द्वारा दी
