पेंशन एवं वेतन निर्धारण हेतु जिला-तहसील स्तर पर कैम्प आयोजित करने की मांग, जिलाध्यक्ष भानु प्रताप यादव ने सौंपा ज्ञापन

दुर्ग | छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेशभर में रजत महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में पेंशन एवं वेतन निर्धारण से संबंधित लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण हेतु जिला एवं तहसील स्तर पर विशेष कैम्प आयोजित किए जाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया है।संचालनालय पेंशन एवं भविष्य निधि, छत्तीसगढ़, नवा रायपुर अटल नगर के पत्र क्रमांक पे०भ०नि०/पेंशन-13/2026 दिनांक 23 जनवरी 2026 के अनुसार, छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग द्वारा वित्त विभाग को कार्यक्रम आयोजन हेतु 23 जनवरी 2026 से 30 जनवरी 2026 तक की अवधि निर्धारित की गई है।
उक्त पत्र में संभाग एवं जिला स्तर पर कैम्प आयोजित कर पेंशन एवं वेतन निर्धारण के प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं।इन्हीं निर्देशों के अनुपालन में दुर्ग संभाग अंतर्गत जिला कार्यालय दुर्ग, तहसील कार्यालयों एवं अन्य विभागों में कार्यरत उन कर्मचारियों, जिन्होंने अधिवार्षिकीय आयु पूर्ण कर ली है, उनके पेंशन एवं वेतन निर्धारण के प्रकरणों के निराकरण हेतु रोस्टर अनुसार शिविर आयोजित करने की मांग की गई है।इस संबंध में छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ, दुर्ग के जिलाध्यक्ष भानु प्रताप यादव द्वारा कलेक्टर महोदय दुर्ग के माध्यम से सचिव, छत्तीसगढ़ शासन वित्त विभाग रायपुर तथा संचालक, पेंशन एवं भविष्य निधि, ब्लॉक-ए, तृतीय तल, इन्द्रावती भवन, अटल नगर नवा रायपुर को ज्ञापन प्रेषित किया गया।
जिलाध्यक्ष भानु प्रताप यादव ने कहा कि शिविर आयोजन से सेवानिवृत्त एवं सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को राहत मिलेगी तथा पेंशन संबंधी प्रकरणों का शीघ्र और पारदर्शी निराकरण संभव हो सकेगा। उन्होंने शासन से मांग की कि रजत महोत्सव के अवसर पर इस पहल को प्रभावी रूप से लागू किया जाए।
