पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने दुर्ग नगर निगम सक्रिय ओवरहेड टैंक–संपवेल की सफाई 80% पूर्ण, नालियों से गुजरने वाली पाइपलाइन हटाने का प्रस्ताव तैयार

पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने दुर्ग नगर निगम सक्रियओवरहेड टैंक–संपवेल की सफाई 80% पूर्ण, नालियों से गुजरने वाली पाइपलाइन हटाने का प्रस्ताव तैयार

दुर्ग, 08 फरवरी। नगर निगम दुर्ग द्वारा निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत स्वच्छ, सुरक्षित एवं नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। निगम से प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर में चिन्हित बड़े लीकेज का निरंतर सुधार किया जा रहा है, जिससे नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। निगम क्षेत्र में स्थित 21 ओवरहेड टैंक, 9 संपवेल तथा 11, 24 एवं 42 एमएलडी क्षमता वाले फिल्टर प्लांट के सैडिमेंटेशन टैंकों की सफाई का कार्य लगभग 80 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। शेष कार्य को होली पर्व के पूर्व पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।

पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सभी टैंकों से जल आपूर्ति प्राप्त करने वाले अंतिम छोर के घरों तक नियमित रूप से पानी के सैंपल लिए जा रहे हैं, जिन्हें पीएचई विभाग को जांच हेतु भेजा जा रहा है। इसके साथ ही शहर के सभी हैंडपंपों के जल सैंपल लेकर भी गुणवत्ता परीक्षण किया जा रहा है। गुणवत्ता मानकों पर खरा न उतरने पर संबंधित स्रोत को तत्काल बंद कर आवश्यकतानुसार टैंकर के माध्यम से जल आपूर्ति की व्यवस्था की जाएगी।जल विभाग के अनुसार, गंदे पानी की लगभग 90 प्रतिशत शिकायतें घरों तक जाने वाली पाइपलाइन के नालियों से होकर गुजरने एवं लीकेज के कारण सामने आती हैं।

ऐसी शिकायत मिलने पर संबंधित लाइन को डिस्कनेक्ट कर हितग्राही को नई पाइपलाइन बिछाने के लिए सूचित किया जाता है।इंदौर की घटना से सबक लेते हुए नगर निगम दुर्ग द्वारा नालियों से गुजरने वाली पाइप लाइनों को हटाने के लिए एक प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिससे भविष्य में जल प्रदूषण की समस्या से स्थायी राहत मिल सके। इससे पाइपलाइन के कारण नालियों के जाम होने तथा गलियों एवं सड़कों पर गंदा पानी ओवरफ्लो होने की शिकायतों से भी निजात मिलेगी।

नगर निगम दुर्ग नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और निर्बाध पेयजल आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में निरंतर प्रयास जारी हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?