दुर्ग पुलिस की कार्रवाई: बकरा चोरी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग / थाना उतई क्षेत्र में बकरा चोरी के मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कूटी, धारदार हथियार, नगद राशि एवं अन्य सामग्री जप्त की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी बन्नी अली (26 वर्ष), निवासी बजरंग चौक, ग्राम जोरातराई ने 25 मार्च 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके घर से दो बकरे चोरी हो गए हैं। घटना के संबंध में घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में अज्ञात व्यक्ति दुपहिया वाहन से बकरों को ले जाते हुए दिखाई दिए।
रिपोर्ट पर थाना उतई में अपराध क्रमांक 160/2026 के तहत धारा 331(4), 305, 3(5) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें रूआबांधा क्षेत्र से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना को स्वीकार किया।गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद शफी (50 वर्ष) एवं ओमप्रकाश वर्मा (35 वर्ष), दोनों निवासी आजाद चौक, रूआबांधा, थाना भिलाई नगर, जिला दुर्ग शामिल हैं। आरोपियों ने चोरी किए गए बकरों को काटकर बेचने तथा प्राप्त राशि खर्च करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयुक्त स्कूटी, धारदार हथियार, घटना के समय पहने कपड़े-चप्पल एवं नगद राशि जप्त की है।उक्त कार्रवाई में थाना उतई के निरीक्षक महेश ध्रुव के नेतृत्व में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों का उपयोग करें।
