चैत्र नवरात्रि में पदयात्रियों की सुरक्षा हेतु दुर्ग पुलिस ने बनाया विशेष यातायात कोरिडोर

दुर्ग, 19 मार्च 2026। चैत्र नवरात्रि पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की पदयात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए यातायात पुलिस दुर्ग ने कुम्हारी टोल प्लाजा से अंजोरा बाईपास तक विशेष यातायात कोरिडोर तैयार किया है। यह व्यवस्था 19 मार्च से 27 मार्च 2026 तक प्रभावी रहेगी।यातायात पुलिस द्वारा पदयात्रियों के लिए पृथक सुरक्षित मार्ग निर्धारित किया गया है, जिससे वाहन यातायात और पदयात्रियों के बीच संतुलन बना रहे।
इस दौरान 4 पेट्रोलिंग वाहन 24 घंटे तैनात रहेंगे, जो लगातार निगरानी के साथ पीए सिस्टम के माध्यम से सुरक्षा संबंधी निर्देश प्रसारित करेंगे।निर्धारित पदयात्रा मार्ग कुम्हारी टोल प्लाजा से शुरू होकर सिरसा गेट, डबरापारा, खुर्सीपार, पावर हाउस अंडर ब्रिज, मुर्गा चौक, सेंट्रल एवेन्यू, सेक्टर-09, एमडी बंगला, ठगड़ा बांध ओवरब्रिज के नीचे, जेल तिराहा, गांधी तिराहा, पटेल चौक, गंजपारा, पुलगांव चौक, शिवनाथ नदी ब्रिज होते हुए अंजोरा बाईपास तक रहेगा, जहां से आगे श्रद्धालु राजनांदगांव होते हुए डोंगरगढ़ पहुंचेंगे।
यातायात पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी इस व्यवस्था के सफल संचालन के लिए लगातार सक्रिय हैं और मार्ग पर किसी भी प्रकार के अवरोध को दूर करने के लिए निगरानी रख रहे हैं।दुर्ग पुलिस ने पदयात्रियों से अपील की है कि वे सड़क के बाएं ओर चलें, रिफ्लेक्टिव सामग्री का उपयोग करें और सड़क पर विश्राम न करें।
वहीं वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने, डायवर्सन का पालन करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है।
