दुर्ग पुलिस ने सुलझाया अंधे कत्ल का मामला, दो आरोपी व दो अपचारी बालक गिरफ्तार
दुर्ग, 26 अक्टूबर 2025।थाना मोहन नगर पुलिस ने दुर्ग रेलवे स्टेशन पर हुई अज्ञात व्यक्ति की हत्या के अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए दो आरोपियों एवं दो अपचारी बालकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने चाय पीने के लिए पैसे मांगे जाने पर विरोध करने पर चाकू मारकर हत्या की थी।घटना 20/21 अक्टूबर 2025 की दरम्यानी रात लगभग 2:30 बजे की है, जब रेलवे स्टेशन दुर्ग के पास अज्ञात व्यक्ति की चाकू से हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में थाना मोहन नगर में अपराध क्रमांक 566/2025 धारा 103(1), 311, 3(5), 111(3)(ख) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
अज्ञात आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई। घटना स्थल एवं रेलवे स्टेशन परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर संदेहियों की पहचान सिकोला भाठा और सिकोला बस्ती क्षेत्र की बताई गई।जांच के दौरान 25 अक्टूबर 2025 को पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपराध स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि वे चाय पीने स्टेशन पहुंचे थे, पर उनके पास पैसे नहीं थे। उन्होंने एक व्यक्ति से पैसे मांगे, जिसने विरोध किया। इसके बाद आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया और अपचारी बालकों के पास रखे चाकू से गर्दन, पेट और सीने पर वार कर उसकी हत्या कर दी।घटना में प्रयुक्त चाकू पुलिस ने बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।इस कार्रवाई में एसीसी यूं टीम एवं थाना मोहन नगर पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी:1️⃣ मोहित साहू उर्फ डिवाइन उर्फ दादू (19 वर्ष), निवासी सिकोला भाठा, मोहन नगर।
2️⃣ सावन नेताम (20 वर्ष), निवासी बॉम्बे आवास, उरला, मोहन नगर।
3️⃣ दो अपचारी बालक।
