ऑनलाइन प्लेटफार्म से अवैध चाकू मंगाने वालों पर दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई

ऑनलाइन प्लेटफार्म से अवैध चाकू मंगाने वालों पर दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाईअवैध हथियार, सट्टा, और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर कसी गई लगाम

दुर्ग, 12 नवम्बर 2025।जिले में अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने न केवल ऑनलाइन माध्यम से अवैध चाकू मंगाने और सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो पोस्ट करने वालों पर कार्रवाई की है, बल्कि सट्टा खिलाने, अवैध शराब सेवन तथा अशांति फैलाने वाले लोगों पर भी सख्त कदम उठाए हैं।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म अमेजॉन, फ्लिपकार्ट और मीशो के माध्यम से अवैध चाकू मंगाने वाले तीन व्यक्तियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

इनमें से पुलगांव चौकी क्षेत्र से 2 और मोहन नगर से 1 आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से धारदार हथियार भी बरामद किए गए हैं।इसी क्रम में सोशल मीडिया पर चाकू और तलवार के साथ फोटो अपलोड कर दहशत फैलाने वाले युवकों पर भी कार्रवाई की गई है।

खुर्सीपार क्षेत्र में 7 आरोपियों — शेख अलराज, रवि विश्वकर्मा, अरबाज अली, एस. वामसी राव, आसिफ अली, अवनीश और मोहित बंजारे के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई है।इसके अलावा उतई और भिलाई नगर क्षेत्र में 6 सटोरियों को गिरफ्तार किया गया है। उतई में 3 आरोपियों से 3 मोबाइल फोन और ₹3,300 नकद (कुल ₹20,050) बरामद किए गए, जबकि भिलाई नगर क्षेत्र से 3 सटोरियों से 2 मोबाइल, कीपैड फोन और ₹15,300 नकद जब्त किए गए हैं। सभी आरोपियों पर सट्टा एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

सार्वजनिक स्थलों पर शराब सेवन करने वालों पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई है। उतई क्षेत्र से 4, सुपेला से 4 और पद्मनाभपुर से 1 व्यक्ति सहित कुल 9 आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।इसके अतिरिक्त जिलेभर में अभियान चलाकर कुल 78 लोगों के विरुद्ध 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। इसमें पुरानी भिलाई से 10, खुर्सीपार से 7, छावनी से 4, सुपेला से 8, वैशाली नगर से 4, भिलाई नगर से 5, नेवई से 4, मोहन नगर से 4, दुर्ग से 6 और पद्मनाभपुर से 3 व्यक्तियों पर कार्रवाई कर उन्हें कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया है।

दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?