अवैध अफीम तस्करी मामले में दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो और आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग। अवैध अफीम तस्करी के मामले में दुर्ग पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना पुलगांव पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 304 ग्राम अफीम डोडा (चुक्की) और 1 लाख 29 हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना पुलगांव अंतर्गत चौकी जेवरा–सिरसा में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में पूर्व में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी विकास बिश्नोई से पूछताछ में पता चला कि अवैध अफीम की खेती से तैयार डोडा को कुछ लोग खरीदकर अपने होटल और ढाबों में रखकर बिक्री करते थे।इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने बेमेतरा–सिमगा रोड स्थित ग्राम कठिया में स्थित श्री रामदेव होटल और राजस्थानी हाईवे ढाबा में दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान आरोपी रणछोड़ राम उर्फ रणजीत (50 वर्ष) के होटल के कमरे से 304 ग्राम अफीम डोडा (चुक्की), 1,29,000 रुपए नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।वहीं दूसरे आरोपी सुनील देवासी (28 वर्ष) के पास से अफीम डोडा को चुक्की बनाने में इस्तेमाल होने वाली मिक्सी (जार सहित) और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है और मामले में अन्य संलिप्त लोगों की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में ACCU दुर्ग, थाना पुलगांव और चौकी जेवरा–सिरसा की संयुक्त पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।दुर्ग पुलिस की अपील दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध मादक पदार्थों के उत्पादन, परिवहन या व्यापार से जुड़ी किसी भी सूचना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई की जा सके।
