गीता पूजा कार्यक्रम में शामिल हुए दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर
– श्रीमद्भगवद्गीता हमें निष्काम कर्म और कर्तव्य पालन का संदेश देती है
दुर्ग। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कोलिहापुरी में श्री यादव पंचायत चंदखुरी सर्किल द्वारा आयोजित वार्षिक सम्मेलन एवं गीता पूजन समारोह में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण एवं श्रीमद्भगवद्गीता की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम में समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं और प्रबुद्धजनों का सम्मान भी किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक चंद्राकर ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता हमारे जीवन को सही दिशा देने वाला महत्वपूर्ण ग्रंथ है।
भगवान श्रीकृष्ण ने गीता के माध्यम से अर्जुन को जीवन के मूल्यों, कर्तव्यों और कर्म के महत्व के बारे में उपदेश दिया है। उन्होंने कहा कि गीता हमें निष्काम कर्म का संदेश देती है और बिना किसी अपेक्षा के अपने कर्तव्यों का पालन करने के लिए प्रेरित करती है।उन्होंने कहा कि गीता आत्मबोध और आत्म-साक्षात्कार का भी मार्ग दिखाती है, जो हमें अपने जीवन को सही दिशा में आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि गीता के उपदेशों को अपने जीवन में उतारकर समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान दें।
विधायक चंद्राकर ने आगे कहा कि यादव समाज स्वाभिमानी समाज है, जिसने अपनी संस्कृति और परंपराओं को सहेज कर रखा है। उन्होंने समाज के लोगों को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि समाज की प्रगति के लिए शिक्षा अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से बेटा-बेटी दोनों को अच्छी शिक्षा और संस्कार देने का आग्रह किया।
इस अवसर पर यादव समाज अध्यक्ष सुरेश यादव, उपाध्यक्ष सुदामा यादव, रामेश्वर यादव, दशरथ यादव, बरातू यादव, भोजराम यादव, डेमन यादव, मनोहर लाल यादव, संतु यादव, धसिया राम यादव सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्यजन और समाजजन उपस्थित रहे।
