होली पर दुर्ग यातायात पुलिस का सघन अभियान: शराब पीकर वाहन चलाने वाले 88 चालकों पर कार्रवाई
दुर्ग। होली पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए यातायात पुलिस द्वारा जिलेभर में विशेष सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के तहत 2 मार्च से 4 मार्च 2026 के बीच शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले 88 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने संबंधित चालकों के वाहन जप्त कर प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।यातायात पुलिस ने होली के मद्देनजर जिले के 25 संवेदनशील चौक-चौराहों पर 24 घंटे फिक्स प्वाइंट ड्यूटी लगाकर लगातार चेकिंग की।
इन स्थानों पर ब्रीथ एनालाइज़र के माध्यम से वाहन चालकों की जांच की गई, जिससे शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।जांच के दौरान पुलगांव चौक, पटेल चौक, ग्रीन चौक, जेल तिराहा, नेहरू नगर चौक, सेक्टर-9 चौक, 25 मिलियन चौक, अवंती बाई चौक, छावनी चौक, खुर्सीपार चौक, मुर्गा चौक, डीपीएस चौक और जुनवानी चौक सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई।यातायात पुलिस के अनुसार सघन चेकिंग और प्रभावी निगरानी के कारण होली के दिन जिले में किसी भी प्रकार की गंभीर सड़क दुर्घटना की घटना सामने नहीं आई, जिससे अभियान को सफल माना जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिन-रात ड्यूटी कर अभियान को सफल बनाया।दुर्ग पुलिस की अपील:दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और शराब सेवन कर वाहन न चलाएं।
नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
