कर्मचारी नगर वार्ड 16 में डोमशेड का लोकार्पण, सामाजिक आयोजनों को मिलेगा नया केंद्र
मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा—जनसुविधाएं बढ़ाना प्राथमिकता, दुर्ग विधानसभा में विकास कार्यों को मिलेगी गति
दुर्ग, 01 मार्च 2026।विधानसभा क्षेत्र दुर्ग के वार्ड क्रमांक 16 कर्मचारी नगर में नवनिर्मित डोमशेड का लोकार्पण आज संपन्न हुआ। यह डोमशेड मंत्री गजेन्द्र यादव की विधायक निधि से निर्मित किया गया है। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।नवनिर्मित डोमशेड के निर्माण से कर्मचारी नगर के नागरिकों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा।
लंबे समय से क्षेत्रवासी ऐसे सार्वजनिक स्थल की मांग कर रहे थे, जिसे अब पूरा किया गया है। अब धूप, बारिश या अन्य मौसमी बाधाओं के कारण कार्यक्रमों में व्यवधान नहीं आएगा और विभिन्न आयोजन सुचारु रूप से किए जा सकेंगे।इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि जनसुविधाओं का विस्तार और मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि कर्मचारी नगर सहित पूरे दुर्ग विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य निरंतर किए जा रहे हैं और आने वाले समय में भी क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार नई योजनाएं लागू की जाएंगी।
उन्होंने जनता के सहयोग और आशीर्वाद से विकास कार्यों को और तेज गति देने का भरोसा दिलाया।कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि डोमशेड का निर्माण क्षेत्र के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा और इससे सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर अलका बाघमार, श्याम शर्मा, मनमोहन शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
