ISEI ने यातायात क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए दुर्ग यातायात पुलिस को किया सम्मानित
दुर्ग।यातायात एवं सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने पर दुर्ग यातायात पुलिस को ISEI (Institution of Safety Engineers – India) द्वारा सम्मानित किया गया। यह सम्मान 10 जनवरी 2026 को रायपुर में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया। वर्ष 2025 के दौरान यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और सड़क सुरक्षा को लेकर किए गए प्रभावी प्रयासों के लिए यह उपलब्धि दुर्ग पुलिस को मिली।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग श्री विजय अग्रवाल के निर्देशन में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए यह सम्मान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) सुश्री ऋचा मिश्रा द्वारा ग्रहण किया गया। सम्मान यातायात नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए दिए गए सतत प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।वर्ष 2025 में दुर्ग यातायात पुलिस द्वारा “ऑपरेशन सुरक्षा” अभियान के तहत सख्त कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट 20,235, बिना सीट बेल्ट 7,238, नशे में वाहन चलाने पर 1,381, तेज गति पर 1,685 तथा गलत पार्किंग पर 10,945 वाहनों पर कार्रवाई की गई। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों के समन्वय से सड़क, बिजली व्यवस्था, डिवाइडर, साइन बोर्ड लगाने सहित आवश्यक इंजीनियरिंग सुधार कार्य कराए गए। यातायात जागरूकता के लिए स्कूलों, कॉलेजों, ग्रामीण क्षेत्रों और चौक-चौराहों पर नुक्कड़ नाटक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इन प्रयासों का सकारात्मक परिणाम यह रहा कि वर्ष 2025 में सड़क दुर्घटनाओं में वर्ष 2024 की तुलना में कमी दर्ज की गई।समारोह के दौरान सहायक उप निरीक्षक (ASI) श्री सुशील पांडे को ड्यूटी के दौरान सजगता, सतर्कता, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा के लिए सम्मानित किया गया। वहीं आरक्षक श्री विजय शर्मा को विभिन्न विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर यातायात सुधार एवं सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
यह सम्मान दुर्ग यातायात पुलिस के निरंतर प्रयासों की सराहना का प्रतीक है, जिससे पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ेगा और वे भविष्य में भी सड़क सुरक्षा एवं जनहित के कार्यों को और अधिक जिम्मेदारी के साथ निभाते रहेंगे।
