कल्याण महाविद्यालय में तोड़फोड़ और शासकीय कार्य में बाधा का मामला: मुख्य आरोपी आकाश कनौजिया नागपुर से गिरफ्तार

कल्याण महाविद्यालय में तोड़फोड़ और शासकीय कार्य में बाधा का मामला: मुख्य आरोपी आकाश कनौजिया नागपुर से गिरफ्तार

दुर्ग, 14 दिसंबर 2025। दुर्ग पुलिस ने कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सेक्टर-7 भिलाई में घुसकर उत्पात मचाने, शासकीय कार्य में बाधा डालने और शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में मुख्य आरोपी आकाश कनौजिया (29) को नागपुर से गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार, 9 दिसंबर 2025 को महाविद्यालय के प्राचार्य कक्ष में परीक्षा फॉर्म परीक्षण एवं हस्ताक्षर का कार्य चल रहा था।

इसी दौरान महाविद्यालय का पूर्व छात्र आकाश कनौजिया अपने साथियों—दीपक पाल, आनंद यदु, नितेश गुप्ता, आशीष कालो, भौमित पटेल, अंशुल शर्मा सहित अन्य के साथ नारेबाजी करते हुए अनाधिकृत रूप से परिसर में दाखिल हुआ। आरोप है कि आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए प्राचार्य के टेबल का कांच तोड़ दिया, शासकीय दस्तावेजों को फेंककर फाड़ा और उन पर स्याही डालकर क्षतिग्रस्त किया। इसके अलावा प्राचार्य के नामपट्ट पर स्याही पोतकर विरूपित किया गया तथा कार्यालय के भीतर धक्का-मुक्की कर उपद्रव मचाया गया, जिससे स्टाफ में भय का माहौल बन गया।

इस संबंध में प्राचार्य डॉ. विनय शर्मा की लिखित शिकायत पर थाना भिलाई नगर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 221, 296, 324(1), 61(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। मामले में पूर्व में दो आरोपियों—दीपक पाल (23) और हरदीप पात्रे (22)—को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी आकाश कनौजिया को दिल्ली भागने के प्रयास के दौरान नागपुर एयरपोर्ट के पास से पकड़ा गया।

भिलाई लाकर पूछताछ में घटना में उसकी संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 14 दिसंबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपी:1. आकाश कनौजिया, उम्र 29 वर्ष, निवासी सेक्टर-5, भिलाई

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?