आकाशीय बिजली का कहर: गौरेला के आमाडोब बैगापारा में 6 मवेशियों की मौत, ग्रामीणों को लाखों का नुकसान
गौरेला। गौरेला विकासखंड के ग्राम आमाडोब स्थित बैगापारा में बुधवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से 6 मवेशियों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक और चिंता का माहौल है। हादसे में ग्रामीणों को लाखों रुपये की आर्थिक क्षति हुई है।जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर करीब 2 बजे क्षेत्र में तेज बारिश के दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरी।
बारिश से बचने के लिए एक स्थान पर खड़े मवेशी इसकी चपेट में आ गए, जिससे छह मवेशियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मृत मवेशियों को देखकर पशुपालकों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि मवेशी उनकी आजीविका का प्रमुख साधन हैं और इस हादसे से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से घटना का सर्वे कराकर प्रभावित पशुपालकों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है। वहीं स्थानीय प्रशासन को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।बारिश के मौसम में लगातार बढ़ रही आकाशीय बिजली की घटनाओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में चिंता बढ़ा दी है।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और ऊंचे स्थानों से दूर रहने की अपील की है।
