बस्तर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 42 किलो गांजा व देशी पिस्टल के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
जगदलपुर (बस्तर)। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बस्तर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक इनोवा कार से गांजा तस्करी कर रहे दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 42 किलो गांजा, एक देशी पिस्टल तथा 2 नग जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार आरोपी उड़ीसा की ओर से जगदलपुर की तरफ आ रहे थे। मुखबिर की सूचना पर आड़ावाल क्षेत्र में घेराबंदी कर वाहन को रोका गया।
तलाशी लेने पर वाहन से 42 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 21 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही एक देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस भी जप्त किए गए।यह कार्रवाई बोधघाट थाना क्षेत्र में की गई। आरोपियों के खिलाफ NDPS Act के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की विवेचना की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किस नेटवर्क के माध्यम से गांजा की सप्लाई कर रहे थे और इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन शामिल है।
बस्तर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
