महापौर की अनोखी पहल: तीन शादियों में पहुंचकर नवदंपतियों को भेंट किए हेलमेट
फूल-गुलदस्ते की जगह हेलमेट देने की अपील, सड़क सुरक्षा का दिया संदेश
दुर्ग, 10 मार्च।शहर में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से महापौर अलका बाघमार ने एक अनोखी पहल करते हुए तीन अलग-अलग शादियों में पहुंचकर नव-विवाहित वर-वधु को शुभकामनाएं दीं और उन्हें हेलमेट भेंट किए। इस दौरान उन्होंने नवदंपतियों को सुरक्षित जीवन का संकल्प लेने का संदेश भी दिया।इस अवसर पर एमआईसी सदस्य शशि साहू, सरिता चंद्रकार, सुरूचि उमरे सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे। महापौर ने नवदंपतियों को उनके नए जीवन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीवन अनमोल है और इसकी सुरक्षा हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग अनिवार्य रूप से करना चाहिए।महापौर ने नवदंपतियों से अपील करते हुए कहा कि वे स्वयं भी हेलमेट पहनें और अपने परिवार तथा समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम किया जा सके। उनकी इस पहल को उपस्थित लोगों ने सराहा और इसे सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने वाला सराहनीय कदम बताया।महापौर अलका बाघमार ने शहरवासियों से भी अपील की कि शादियों में केवल फूल-गुलदस्ते देने की परंपरा के बजाय नवदंपतियों को हेलमेट भेंट करने की पहल करें। उन्होंने कहा कि हेलमेट एक “जीवन कवच” है, जो सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि यदि शादी जैसे शुभ अवसरों पर हेलमेट भेंट करने की परंपरा शुरू हो जाए तो इससे समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और लोगों को सुरक्षित जीवन जीने की प्रेरणा मिलेगी। महापौर ने नागरिकों से इस सराहनीय पहल को अपनाने की अपील की।
