दुर्ग छावनी कैंप क्षेत्र में शूटर करण साव के घर पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई
दुर्ग।दुर्ग छावनी कैंप एरिया में बुधवार को नगर निगम प्रशासन ने पुलिस बल की उपस्थिति में शूटर करण साव के अवैध निर्माण पर बुलडोज़र चलाकर अतिक्रमण हटाया। कार्रवाई के दौरान निगम अमले के साथ भारी संख्या में पुलिस जवान तैनात रहे, जिससे किसी भी तरह की बाधा की स्थिति न बने। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी करण साव ने लगभग 10 दिन पहले कैंप-2 मार्केट के पास फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
आरोपी के जेल में रहने के दौरान नगर निगम ने सर्वे कर उसके घर के अवैध हिस्से को चिन्हित किया और आज अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई नियमित अभियान के तहत की गई है। अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। स्थानीय लोगों ने कार्रवाई का स्वागत करते हुए क्षेत्र में शांति व सुरक्षा बनाए रखने की मांग की।
