बाबा दरबार पावन धाम धनोरा में नवरात्रि पर्व 19 मार्च से, अंतरराष्ट्रीय सूफी गायक सुरेश ठाकुर देंगे प्रस्तुति
दुर्ग। धनोरा स्थित बाबा दरबार पावन धाम में आगामी 19 मार्च से नवरात्रि पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ बड़े धूमधाम से मनाया जाएगा। दरबार के श्री लक्ष्मण बाबा जी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष भी भक्तों के लिए विशेष धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है।उन्होंने बताया कि दरबार में ज्योति शुल्क 751 रुपये रखा गया है। जो भी श्रद्धालु दरबार में ज्योति जलवाना चाहते हैं, वे धनोरा दुर्ग स्थित गुलाब किराना स्टोर में संपर्क कर सकते हैं।
19 मार्च को दोपहर 12 बजे दरबार में घटस्थापना की जाएगी। इस दौरान श्री लक्ष्मण बाबा जी एवं पंडित विनय शर्मा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर ज्योति प्रज्वलित करेंगे।नवरात्रि पर्व के अवसर पर इस बार विशेष रूप से अंतरराष्ट्रीय सूफी भजन गायक सुरेश ठाकुर और पूर्णिमा साहू अपनी मंडली के साथ जसगीत और भजन की प्रस्तुति देंगे। वहीं प्रतिदिन रात 8 बजे से 10 बजे तक गुलाब साहू और हेमंत साहू की भजन मंडली द्वारा माता सेवा का कार्यक्रम होगा।पर्व के दौरान हनुमान प्रकटोत्सव भी विशेष झांकी के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर शाम 4 बजे दरबार से शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो गली भ्रमण करेगी।
इसके साथ ही महावीर उद्यान में कुंज लाल साहू द्वारा खिचड़ी प्रसाद और हलुआ का वितरण किया जाएगा।रात्रि 10 बजे से दरबार के सामने सार्वजनिक मंच पर श्री राधा कृष्ण नाच पार्टी धुर्रे बंजारी वाले द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।दरबार के श्री लक्ष्मण बाबा जी ने सभी भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर नवरात्रि पर्व के धार्मिक कार्यक्रमों का लाभ उठाने की अपील की है।
इस संबंध में जानकारी दरबार प्रतिनिधि चंद्रकांत कोसरे एवं कुंज लाल साहू ने दी।
