दंतेवाड़ा में नक्सली साजिश नाकाम, जंगल से IED डंप बरामद
दंतेवाड़ा। जिले के बारसूर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुफा के जंगली पहाड़ी इलाके में सुरक्षाबलों ने बड़ी नक्सली साजिश को नाकाम कर दिया है। CRPF की यंग प्लाटून/195, बीडीडीएस (BDDS) टीम और जिला पुलिस की संयुक्त सर्चिंग के दौरान भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।सुरक्षा बलों को सर्च ऑपरेशन के दौरान डायरेक्शनल पाइप बम और प्रेशर कुकर IED मिले, जिनका वजन लगभग 5-5 किलो बताया जा रहा है।

नक्सलियों द्वारा इन IEDs को सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के उद्देश्य से डंप किया गया था।सूचना मिलते ही BDDS टीम ने SOP के तहत सभी IEDs को सुरक्षित रूप से निष्क्रिय किया। यह डी-माइनिंग ऑपरेशन सुबह करीब 6 बजे से चलाया गया, जिसे पूरी सतर्कता के साथ अंजाम दिया गया।अधिकारियों के अनुसार, आसूचना एजेंसियों और पुलिस के बेहतर आपसी तालमेल के चलते यह कार्रवाई सफल रही।

समय रहते विस्फोटकों की बरामदगी से सुरक्षाबलों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीणों को संभावित बड़ी क्षति से बचाया जा सका।
फिलहाल इलाके में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है और सर्च ऑपरेशन जारी है। सुरक्षा एजेंसियां नक्सलियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं।
