सामान्य प्रशासन विभाग का आदेश: अफसरों की हाजिरी पर कसा शिकंजा अब हर मंगल व बुधवार को कार्यालय में मिलेंगे अधिकारी

क्षेत्र भ्रमण के नाम पर गैरहाजिरी अब नहीं चलेगी

दुर्ग / क्षेत्र भ्रमण व निरीक्षण के नाम पर अधिकारियों का कार्यालय से अनुपस्थित रहना अब नहीं चलेगा। राज्य शासन ने इस पर सख्ती दिखाते हुए नई व्यवस्था लागू कर दी है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब सभी राजपत्रित एवं अराजपत्रित अधिकारी प्रत्येक मंगलवार और बुधवार को अनिवार्य रूप से अपने कार्यालय में उपस्थित रहेंगे।इन दोनों दिनों में अधिकारी कार्यालयीन नस्तियों का निस्तारण करेंगे, विभागीय समीक्षा बैठक लेंगे तथा आम जनता की समस्याएं सुनकर उनका निराकरण करेंगे।

आम नागरिकों से अधिकारियों की मुलाकात नहीं हो पाने की लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि क्षेत्रीय भ्रमण, निरीक्षण एवं अन्य बाह्य कार्यों के लिए गुरुवार और शुक्रवार निर्धारित किए गए हैं। आदेश में यह भी कहा गया है कि केवल विशेष परिस्थितियों—जैसे अति आवश्यक कार्य, कानून व्यवस्था अथवा वरिष्ठ कार्यालय द्वारा आहूत बैठक—की स्थिति में ही समय-सारणी में परिवर्तन मान्य होगा।

इस संबंध में छत्तीसगढ़ शासन के सचिव अविनाश चम्पावत द्वारा जारी आदेश में परोक्ष रूप से यह भी संकेत दिया गया है कि यदि इस व्यवस्था के उल्लंघन की सूचना प्राप्त होती है, तो शासन द्वारा जांच के बाद इसे अनुशासनहीनता मानते हुए संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

नई व्यवस्था के लागू होने से आम जनता को राहत मिलने और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता बढ़ने की उम्मीद की जा रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?