वरना कार में कर रहे थे चिट्टा की सप्लाई, पांच आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े
भिलाई।थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने मादक पदार्थों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए सिन्थेटिक ड्रग (चिट्टा/हेरोइन) के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 10.7 मिलीग्राम चिट्टा, एक हुंडई वरना कार सहित 6 मोबाइल फोन जप्त किए गए हैं। जप्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 9 लाख 87 हजार 800 रुपये आंकी गई है।
दिनांक 26 दिसंबर 2025 को थाना पुरानी भिलाई पुलिस को सूचना मिली कि सिरसा भाठा, मेंहदी बाड़ी के पास खाली मैदान में सफेद रंग की हुंडई वरना कार (क्रमांक CG-05-LW-6628), जिसका पिछला कांच टूटा हुआ है, में कुछ संदिग्ध व्यक्ति चिट्टा का सेवन कर रहे हैं। सूचना पर थाना पुरानी भिलाई पुलिस एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।कार में सवार व्यक्तियों ने अपने नाम रवेल सिंह उर्फ जॉनी (निवासी कैलाश नगर जामुल), दिशान्त (कार चालक, निवासी गनियारी), रोहित गुप्ता (निवासी संगम चौक, खुर्सीपार) एवं ओमकार सिंह उर्फ गोली सिंह (निवासी सुभाष मार्केट, खुर्सीपार) बताए।
उनके साथ दो विधि से संघर्षरत बालक भी मौजूद थे। कार के अंदर धुआं भरा हुआ था और आरोपी एल्युमिनियम फॉयल में रखे चिट्टा को लाइटर की मदद से सेवन करते हुए रंगे हाथों पकड़े गए।पुलिस द्वारा की गई तलाशी मेंरवेल सिंह से 6.50 मिलीग्राम चिट्टा एवं बिक्री रकम 27,500 रुपये,दिशान्त से 2.10 मिलीग्राम चिट्टा, वरना कार, एल्युमिनियम फॉयल व लाइटर,रोहित गुप्ता से 0.58 मिलीग्राम चिट्टा,ओमकार सिंह उर्फ गोली से 0.51 मिलीग्राम चिट्टा,एक अपचारी बालक से 0.53 मिलीग्राम चिट्टा तथादूसरे अपचारी बालक से 0.48 मिलीग्राम चिट्टा,एल्युमिनियम फॉयल एवं लाइटर जप्त किया गया।सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 517/2025, धारा 27(क), 21(क), 21(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
चिट्टा की आपूर्ति के स्रोत के संबंध में पूछताछ जारी है।पुलिस ने बताया कि किशोर बालकों को मनः प्रभावी पदार्थ बेचने के मामले में किशोर न्याय अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड खंगालते हुए संगठित अपराध की धाराएं जोड़ने की प्रक्रिया भी की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
