जनसमस्या निवारण शिविर में त्वरित समाधान, 292 में से 170 आवेदनों का मौके पर निराकरण

जनसमस्या निवारण शिविर में त्वरित समाधान, 292 में से 170 आवेदनों का मौके पर निराकरण

विधायक ललित चंद्राकर ने वार्डों में लाइसेंस शिविर लगाने दिए निर्देश

रिसाली, 19 दिसंबर 2025।सुशासन सप्ताह के पहले दिन नगर पालिक निगम रिसाली द्वारा दशहरा ग्राउंड में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया। शिविर में कुल 292 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 170 आवेदनों का निराकरण मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष 122 आवेदनों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में किए जाने की जानकारी दी गई।शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित ललित चंद्राकर ने नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

उन्होंने मोनिका वर्मा को निर्देश दिए कि परिवहन विभाग से समन्वय स्थापित कर दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र के वार्डों में लर्निंग लाइसेंस बनाने हेतु विशेष शिविर लगाए जाएं, ताकि नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि महतारी वंदन योजना के कई हितग्राही दस्तावेजी औपचारिकताओं की कमी के कारण नियमित राशि से वंचित हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यालय पहुंचने वाले हितग्राहियों की शिकायतें तत्काल संकलित कर महिला एवं बाल विकास विभाग को भेजी जाएं, ताकि समय पर निराकरण हो सके।

शिविर में उपस्थित महतारी वंदन योजना की हितग्राही का केवाईसी भी मौके पर ही कराने के निर्देश दिए गए।इस अवसर पर शशि सिन्हा ने कहा कि इस प्रकार के जनसमस्या निवारण शिविरों से वंचित वर्ग को सीधा लाभ मिलता है। उन्होंने निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ शहर के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएं।कलेक्टर से नामांतरण को लेकर चर्चा विधायक ललित चंद्राकर ने रिसाली निगम क्षेत्र में नामांतरण प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने को लेकर कलेक्टर से टेलीफोनिक चर्चा की।

उन्होंने बताया कि बीएसपी द्वारा रिहायशी भूमि निगम को हस्तांतरित किए जाने के बावजूद नामांतरण लंबित होने से नागरिकों को शासकीय योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।मांग अधिक, शिकायत कम जनसमस्या निवारण शिविर में 40 वार्डों से आए 292 आवेदनों में से 286 आवेदन मांग से संबंधित और केवल 6 आवेदन शिकायत से जुड़े थे।

अधिकांश आवेदन आधार कार्ड से संबंधित रहे, जिनका निराकरण शिविर में ही कर दिया गया।शिविर में नेता प्रतिपक्ष शैलेन्द्र साहू, एमआईसी सदस्य जहीर अब्बास, अनिल देशमुख, रोहित धनकर सहित अनेक पार्षद एवं अधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत निगम आयुक्त मोनिका वर्मा द्वारा किया गया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?