आत्महत्या का प्रयास कर रहे युवक की बचाई जान, जनप्रतिनिधियों को एसपी ने किया सम्मानित

दुर्ग। जिले के पाटन थाना क्षेत्र में आत्महत्या का प्रयास कर रहे एक युवक की जान बचाने वाले जनप्रतिनिधियों को पुलिस अधीक्षक द्वारा सम्मानित किया गया। त्वरित सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए जनप्रतिनिधियों ने समय रहते युवक को फांसी के फंदे से उतारकर उसकी जान बचाई।जानकारी के अनुसार, 11 अप्रैल 2026 को ग्राम खोरपा (वार्ड क्रमांक 14) निवासी 30 वर्षीय रवि ठाकुर ने सिकोला रोड किनारे बबूल की झाड़ियों में फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक को फंदे से नीचे उतारा, रस्सी काटी और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जिससे उसकी जान बचाई जा सकी।इस सराहनीय कार्य के लिए योगेश निक्की भाले, श्रीमती निशा सोनी, केवल देवांगन, जितेंद्र निर्मलकर और चंद्र प्रकाश देवांगन को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि युवक ने व्यक्तिगत कारणों के चलते यह कदम उठाया था।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के मानसिक तनाव या परेशानी में आत्मघाती कदम न उठाएं, बल्कि परिजनों या पुलिस से संपर्क करें। समय पर मदद मिलने से किसी भी अनहोनी को टाला जा सकता है।
