धान खरीदी में 70 लाख से अधिक की हेराफेरी का खुलासा, खरीदी प्रभारी गिरफ्तार
कवर्धा। कवर्धा जिले में धान खरीदी में बड़े घोटाले का खुलासा हुआ है। धर्मेंद्र सिंह (पुलिस अधीक्षक) के निर्देशन में कबीरधाम पुलिस ने थाना कुण्डा क्षेत्र के धान खरीदी केन्द्र पेण्ड्रीकला में हुए 70,43,200 रुपये के गबन के मामले में खरीदी प्रभारी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।मामले की शिकायत राजेन्द्र कुमार डाहिरे, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक राजनांदगांव शाखा कुण्डा द्वारा लिखित रूप में दर्ज कराई गई थी। शिकायत के बाद कलेक्टर खाद्य शाखा कबीरधाम के निर्देश पर गठित जांच दल द्वारा विपणन वर्ष 2025-26 के तहत सेवा सहकारी समिति मर्यादित अंतर्गत धान उपार्जन केन्द्र पेण्ड्रीकला का निरीक्षण किया गया।
जांच में सामने आया कि केन्द्र में कुल 23,319.20 क्विंटल धान की खरीदी दर्ज थी, जिसमें से 3,880 क्विंटल धान का उठाव हो चुका था और शेष 19,439.20 क्विंटल धान उपलब्ध होना चाहिए था। लेकिन भौतिक सत्यापन के दौरान मात्र 17,167.20 क्विंटल धान ही पाया गया। इस प्रकार 2,272 क्विंटल धान की कमी सामने आई, जिसकी शासकीय कीमत 70,43,200 रुपये आंकी गई।जांच प्रतिवेदन में स्पष्ट हुआ कि धान खरीदी प्रभारी विवेक चंद्राकर द्वारा तौल पत्रक एवं रजिस्टर में कूट रचना कर धान की हेराफेरी की गई और अमानत में खयानत करते हुए शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाई गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है तथा आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई से जिले में धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने की दिशा में सख्त संदेश गया है।
