स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने ली दुर्ग संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक
डीईओ–बीईओ को निर्देश: शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने नियमित रूप से करें स्कूलों का निरीक्षण
राजनांदगांव/ स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने मंगलवार को जिला पंचायत राजनांदगांव के सभाकक्ष में दुर्ग संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों के शिक्षा अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान मंत्री श्री यादव ने शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी डीईओ एवं बीईओ को नियमित रूप से फील्ड भ्रमण करने और स्कूलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण का असर जमीनी स्तर पर स्पष्ट दिखाई देना चाहिए तथा स्कूलों में पढ़ाई का स्तर बेहतर होना चाहिए।
युक्तियुक्तकरण पर सख्त रुख
मंत्री ने युक्तियुक्तकरण अंतर्गत शिक्षकों के स्थानांतरण की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की नीति के अनुरूप नियुक्त स्थान पर अभी तक कार्यभार ग्रहण नहीं करने वाले शिक्षकों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
दूरस्थ क्षेत्रों पर विशेष ध्यान
दूरस्थ व वनांचल क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत बताते हुए उन्होंने जियो टैगिंग के माध्यम से शिक्षकों की उपस्थिति और अध्यापन व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
परीक्षा परिणाम सुधारने पर जोर
मंत्री श्री यादव ने कहा कि परीक्षा परिणामों में सुधार लाने के लिए सभी शिक्षक पूरी निष्ठा से कार्य करें। उन्होंने बच्चों को नियमित अभ्यास कराने, उन्हें पढ़ाई के लिए अनुकूल माहौल उपलब्ध कराने तथा शाला त्यागी बच्चों पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
उन्होंने कहा कि बच्चों में पढ़ाई के प्रति अभिरुचि बनी रहे, यह सुनिश्चित करना सभी शिक्षकों की जिम्मेदारी है।
बैठक में विभागीय योजनाओं, शैक्षणिक गतिविधियों और भविष्य के रोडमैप पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
